खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने भरे सैम्पल
●खाद्य पदार्थों पर छापा अचार व तेल के नमूने भरे,नोटिस जारी
बुलन्द संदेश/लायबा नूर
सम्भल मिलावटखोरी पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को व्यापक अभियान चलाया। ग्रीष्म व वर्षा ऋतु में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर आयुक्त,खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन,उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा जिलाधिकारी के आदेश पर प्रवर्तन दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान बहजोई के स्टेशन रोड स्थित बुर्जवाल सेल्स कॉर्पोरेशन से मिक्स्ड पिकल एवं 9 ए.एम.ब्रांड कॉन्टिनेंटल सॉस के नमूने लिए गए। वहीं रिठाली के छोटे अचार भंडार से अनुज ब्रांड का मैंगो अचार जांच के लिए संग्रहित किया गया। इसके अलावा चन्दौसी के कैथल गेट स्थित महक अचार प्रतिष्ठान से मिक्स्ड पिकल व सरसों के तेल का नमूना भरा गया।निरीक्षण के दौरान महक अचार पर पैकेजिंग व लेबलिंग नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की धारा-32 के तहत सुधार नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में अनुपालन न होने पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।सहायक आयुक्त (खाद्य) ने बताया कि सभी नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में मिलावटखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अभियान लगातार जारी रहेगा।


