मुहर्रम की तैयारियों को लेकर जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित
बुलन्द संदेश/ मौहम्मद अब्बास
संभल। कलक्ट्रेट सभागार बहजोई में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई की अध्यक्षता में आगामी पर्व मुहर्रम की तैयारियों के संबंध में जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने बताया कि मुहर्रम के अवसर पर ताजियों एवं डीजे की ऊंचाई जमीन से 12 फीट से अधिक नहीं होगी। साथ ही ताजिया एवं अलम के गुजरने वाले मार्गों की स्थिति, विद्युत तारों की ऊंचाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में पीस कमेटी के सदस्यों से जानकारी एवं सुझाव प्राप्त किए गए। पीस कमेटी के सदस्यों ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं एवं विभिन्न मार्गों पर जलभराव की समस्या से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि जिन मार्गों से ताजिए निकाले जाएंगे, उनकी व्यवस्थाओं की निगरानी पुलिस के नोडल अधिकारी करेंगे। किसी भी ताजिए अथवा डीजे की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होगी। जुलूसों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि डीजे की ध्वनि शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रहे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में आयोजित होने वाले सभी मेलों का उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी संयुक्त रूप से निरीक्षण करें तथा वहां उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का समय रहते परीक्षण कर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने आयोजकों को निर्देशित किया कि मेला स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, जिससे प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके। साथ ही ताजियादारों से भी कर्बला स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का अनुरोध किया गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके। जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को भी सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिला अग्निशमन अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि मुहर्रम के दौरान एम्बुलेंस एवं फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पूरी तरह मुस्तैद रहें। उन्होंने उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मार्गों से जुलूस निकाले जाने हैं तथा जहां मेले आयोजित होने हैं, उनका स्थलीय निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। यदि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा प्रारंभ न की जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) कुलदीप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक, उप जिलाधिकारी विकास चंद (गुन्नौर), नीतू रानी (चंदौसी), निधि पटेल (संभल), डिप्टी कलेक्टर आशुतोष तिवारी, रामानुज, अवधेश कुमार, समस्त क्षेत्राधिकारी, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष असगर अंसारी, जनप्रतिनिधिगण, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।


