मुख्य मार्ग पर जलभराव से राहगीर परेशान जिम्मेदार मौन
बुलन्द संदेश/राबिया बसरी
सम्भल। विकास खंड क्षेत्र स्थित खग्गूपुरा ग्राम पंचायत का मुख्य मार्ग इन दिनों गंभीर जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। सड़क पर भरे पानी के कारण ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। स्थिति यह है कि पैदल चलना तो दूर,दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना भी जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है,बल्कि लंबे समय से बनी हुई है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर पानी भर जाता है, जो कई दिनों तक जस का तस बना रहता है।बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं।स्कूल जाने वाले बच्चों,बुजुर्गों और मरीजों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार शिकायतें की गईं,लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।ग्राम प्रधान सोनाथ सिंह ने बताया कि जिस मार्ग पर जलभराव हो रहा है, वह ग्राम पंचायत के अंतर्गत नहीं आता,बल्कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीन है। उन्होंने कहा कि विभागीय उदासीनता के चलते समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।वहीं,पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता सुनील प्रकाश का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही मौके का निरीक्षण कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।हालांकि,बड़ा सवाल यह है कि खबरें प्रकाशित होने और शिकायतें होने के बावजूद भी जिम्मेदार अधिकारी क्यों नहीं जाग रहे हैं। सरकार जहां स्वच्छता और विकास के दावे कर रही है, वहीं जमीनी स्तर पर ऐसी समस्याएं इन दावों की पोल खोल रही हैं।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाए,ताकि उन्हें राहत मिल सके।


