cbamazon
Top News

सम्भल बार एसोसिएशन चुनाव: रियाज, जितेन्द्र मौर्य और गुलज़ार इरशाद निर्विरोध निर्वाचित, अध्यक्ष-सचिव पद पर 18 जून को मतदान

सम्भल बार एसोसिएशन चुनाव: रियाज, जितेन्द्र मौर्य और गुलज़ार इरशाद निर्विरोध निर्वाचित, 

 

अध्यक्ष-सचिव पद पर 18 जून को मतदान

 

 

बुलन्द संदेश/राबिया बसरी

 

सम्भल। सम्भल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव को लेकर चुनाव प्रक्रिया तेज हो गई है। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कई पदों पर प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो गई है। एल्डर कमेटी के सदस्य प्रकाश वीर सिंह, देवेंद्र पाल, सतवीर शर्मा, मुस्तकीम अहमद एवं विजय कुमार गुप्ता एडवोकेट की मौजूदगी में नामांकन पत्रों की जांच की गई तथा वैध पाए गए प्रत्याशियों की सूची जारी की गई।

जांच एवं नाम वापसी के उपरांत वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मोहम्मद रियाज एडवोकेट, कोषाध्यक्ष पद पर जितेंद्र कुमार मौर्य एडवोकेट तथा उप सचिव (पब्लिकेशन) पद पर मोहम्मद गुलज़ार इरशाद एडवोकेट के नामांकन ही शेष रहने पर इन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। इन पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होने के बाद समर्थकों और अधिवक्ताओं में खुशी का माहौल देखा गया।

वहीं अध्यक्ष और सचिव पद के लिए मुकाबला रोचक हो गया है। अध्यक्ष पद पर राजीव भटनागर एडवोकेट और फजले हक एडवोकेट आमने-सामने हैं। सचिव पद पर मनीष आर्य एडवोकेट और सचिन चौहान एडवोकेट के बीच सीधा मुकाबला होगा। इसके अलावा उपाध्यक्ष पद (10 वर्ष से अधिक अनुभव वर्ग) के लिए आदित्य रस्तोगी एडवोकेट, लल्लू सिंह एडवोकेट और पंचम सिंह एडवोकेट चुनाव मैदान में हैं।

एल्डर कमेटी ने जानकारी देते हुए बताया कि शेष पदों के लिए मतदान 18 जून को सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में काफी उत्साह दिखाई दे रहा है और विभिन्न प्रत्याशी अपने समर्थन में लगातार संपर्क अभियान चला रहे हैं।

बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर न्यायिक परिसर में पूरे दिन चर्चाओं का दौर चलता रहा। अधिवक्ताओं का मानना है कि यह चुनाव संगठन की भावी दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।