तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की हालत गंभीर,मेरठ रेफर
बुलन्द संदेश/लायबा नूर
सम्भल। जनपद के थाना असमोली क्षेत्र में रविवार शाम सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घायल की हालत नाजुक बनी हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार अनिल (25 वर्ष),पुत्र हरचरन,निवासी ग्राम हिसामपुर थाना नखासा,रविवार शाम करीब 7 बजे अपनी ससुराल ग्राम पूरनपुर से वापस घर लौट रहा था।
जैसे ही वह भूडा बेगमपुर के पास पहुंचा,तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना स्थल पर मौजूद राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र असमोली में भर्ती कराया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।जिला अस्पताल में भी स्थिति में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे मुरादाबाद रेफर किया,लेकिन वहां से भी हालत नाजुक होने के कारण मेरठ के उच्च चिकित्सा केंद्र भेज दिया गया। फिलहाल युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए।घायल के चाचा तेजपाल सिंह ने बताया कि अभी तक पुलिस को घटना की तहरीर नहीं दी गई है। वहीं,अज्ञात वाहन चालक की तलाश के लिए पुलिस को सूचना दिए जाने की तैयारी की जा रही है।


