बुलन्द संदेश ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर (गुफरान अली)।
सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव रझैटी निवासी 45 वर्षीय पूनम देवी की अधिक मात्रा में पैरासिटामोल की गोलियां खाने से अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिखेड़ा लेकर पहुंचे।
सीएचसी में चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत में अपेक्षित सुधार न होने और गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना सिंभावली थाना पुलिस को दी है।
परिजनों के अनुसार महिला ने करीब 20 पैरासिटामोल की गोलियां खा ली थीं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उन्होंने इतनी अधिक मात्रा में दवा किन परिस्थितियों में और किस उद्देश्य से ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चिकित्सकों का कहना है कि किसी भी दवा का अधिक मात्रा में सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर और जानलेवा साबित हो सकता है। बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाइयों का सेवन नहीं करना चाहिए।


