बुलन्द संदेश ब्यूरो
मुरादनगर। (नासिर मंसूरी) सावन मास के छठे दिन अखिल भारतीय परशुराम सेवा दल एवं अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कांवड़ियों की सेवा में पूरे मन से जुटे रहे। दिल्ली-मेरठ रोड, सिहानी, मोरटा, दुहाई, सैंथली, गंग नहर, डिडौली, शहजादपुर, पाइपलाइन रोड, मकरेरा, बहादरपुर, शमशेर, फर्रुखनगर से लेकर टीला मोड़ तक ब्राह्मण समाज के लोगों ने विभिन्न सेवा शिविरों में पहुंचकर कांवड़ियों को फल वितरित किए। साथ ही जरूरतमंद श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार, दवाइयां उपलब्ध कराकर आवश्यकतानुसार निकटवर्ती स्वास्थ्य शिविरों तक भी पहुंचाया। दिल्ली-मेरठ रोड एवं गंग नहर की पटरी व पाइपलाइन रोड से हरियाणा, राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के हजारों कांवड़िए "बम भोले" के जयकारों के साथ अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। मुरादनगर से दिल्ली तक तथा पाइपलाइन रोड पर जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं के लिए विश्राम, भोजन, नाश्ता, चाय, स्नान एवं शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।

मुरादनगर गंग नहर क्षेत्र में पुलिस एवं प्रशासन की व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद हैं। अखिल भारतीय परशुराम सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. विनोद कुमार मिश्रा तथा अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष पं. राकेश शर्मा ने बताया कि संगठन की चार टीमें लगातार 10 अगस्त तक दिल्ली-मेरठ रोड एवं पाइपलाइन रोड क्षेत्र में कांवड़ियों की सेवा में निरंतर कार्यरत रहेंगी।


