cbamazon
उत्तर प्रदेश

आठ माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध अवस्था मे मौत

 

●दहेज उत्पीड़न का लगाया आरोप, ससुराल पक्ष फरार

 

बुलन्द संदेश/ लल्ला सलमानी 

 

सम्भल। थाना रजपुरा क्षेत्र में आठ माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के बाद हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

     घटना गुन्नौर तहसील क्षेत्र के गांव हेमदपुर की है। यहां 26 वर्षीय पूनम,पत्नी उमेश कुमार,की रविवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पूनम का मायका रजपुरा थाना क्षेत्र के भवावला के मझरा कोठरा गांव में है। रात करीब 10 बजे मृतका के भाई सुरेश कुमार को उसकी मौत की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।सूचना पर पहुंची पुलिस को घर पर सन्नाटा मिला। मायके पक्ष और पुलिस के पहुंचने से पहले ही ससुराल पक्ष के सभी लोग मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने देर रात करीब 12:30 बजे पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतका के भाई सुरेश कुमार ने आरोप लगाया कि पिता की मृत्यु के बाद पूनम के हिस्से में आई जमीन को भी ससुराल पक्ष ने अपने नाम करा लिया था। इसके बावजूद दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने बहनोई उमेश कुमार,देवर सतीश और सास जसोदा के खिलाफ तहरीर दी है।थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा और उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।