बुलन्द संदेश ब्यूरो
1, धौलाना के गांव नंदपुर में सपा नेता श्रवण शर्मा के नेतृत्व में जनेश्वर मिश्र की 93वीं जयंती पर हुआ जनसंवाद ।
2, प्रो. धर्मेंद्र यादव ने 2027 में सपा सरकार बनाने का किया आह्वान ।
3, ब्राह्मण चला सपा की और,,, ब्राह्मण समाज का जमावड़ा । परशुराम भगवान की हुई जयकार ।
धौलाना। संजीव वशिष्ठ ।
ब्राह्मण चला सपा को ओर जैसे मिथक को लेकर धौलाना विधानसभा क्षेत्र के गांव नंदपुर में धौलाना विधानसभा से समाजवादी पार्टी के भावी प्रत्याशी एवं जिला उपाध्यक्ष कद्दावर ब्राह्मण नेता पंडित श्रवण शर्मा के नेतृत्व में बुधवार को जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजवादी विचारक एवं 'छोटे लोहिया' के नाम से प्रसिद्ध जनेश्वर मिश्र की 93वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रोफेसर धर्मेंद्र यादव ने शिरकत की। उन्होंने धौलाना विधानसभा की जनता को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी की नीतियों और पूर्व सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सरकार ने यूपी-112 पुलिस सेवा शुरू कर कानून व्यवस्था को मजबूत किया, वहीं 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया।
जनसंवाद को संबोधित करते हुए पंडित श्रवण शर्मा ने कहा कि जनेश्वर मिश्र अपनी सादगी, स्पष्ट सोच और समाजवादी विचारधारा के कारण पूरे देश में 'छोटे लोहिया' के नाम से प्रसिद्ध हुए। वे समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे तथा लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य रहने के साथ सात बार केंद्रीय मंत्री भी बने। उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र छात्र जीवन से ही डॉ. राममनोहर लोहिया और जयप्रकाश नारायण के विचारों से प्रभावित थे तथा उनका जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी कार्यक्रम में पहुंचे। पंडित श्रवण शर्मा ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत बनाने की अपील की।वही जयंती में ब्राह्मण समाज का भारी जमावड़ा रहा । कार्यक्रम में भगवान परशुराम जी के जयघोष के साथ ब्राह्मण समाज के गणमान्य लोगों को श्री भगवान परशुराम जी का चित्र भेट कर सम्मानित किया गया


