cbamazon
उत्तर प्रदेश

डीएम ने कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य शिविरों से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक परखी तैयारियां

डीएम ने कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य शिविरों से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक परखी तैयारियां

बुलन्द संदेश ब्यूरो

 

 

नानू पुल से भोले की झाल तक लिया जायजा, कांवड़ियों से बात कर जानी व्यवस्थाओं की हकीकत

 

संवाददाता जावेद अब्बासी 

 

मेरठ। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने अधिकारियों के साथ गंग नहर पटरी कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नानू पुल से भोले की झाल तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण कर दवाइयों की उपलब्धता, प्राथमिक उपचार की व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति देखी। उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों से बातचीत कर यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।

डीएम ने सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सड़क मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, शौचालय, मोबाइल टॉयलेट, महिला कांवड़ियों की सुरक्षा और बाइक एंबुलेंस सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाएं लगातार सुचारु बनी रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, सीएमओ डॉ. राम प्रसाद, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर जिलाधिकारी (नगर) बृजेश सिंह, एसपी देहात अभिजीत कुमार, एसडीएम सरधना उदित नारायण सेंगर, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।