बुलन्द संदेश ब्यूरो
अफवाहों से रहे सावधान= अवनीश शर्मा धौलाना थानेदार
धौलाना। संजीव वशिष्ठ ।
साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को ऑनलाइन ठगी से बचाने के उद्देश्य से थाना धौलाना पुलिस ने बुधवार को कस्बे में साइबर जागरूकता अभियान चलाया। थाना प्रभारी अवनीश शर्मा के नेतृत्व में अरविंद डेयरी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय लोगों, मजदूरों, व्यापारियों और ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।कार्यक्रम में पुलिस टीम ने विशेष रूप से उन लोगों को जागरूक किया, जो सीमित आय में अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं और साइबर ठगों के आसान निशाने बन जाते हैं। लोगों को बताया गया कि "डिजिटल अरेस्ट" नाम से कोई कानूनी प्रक्रिया भारतीय कानून में नहीं है। यह केवल साइबर अपराधियों द्वारा लोगों को डराकर ठगी करने का नया तरीका है। यदि कोई व्यक्ति खुद को पुलिस, सीबीआई, ईडी या किसी अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर वीडियो कॉल या फोन पर डिजिटल अरेस्ट की बात करे, तो उसकी बातों में बिल्कुल न आएं और तत्काल इसकी सूचना पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन पर दें।थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने कहा, "साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगने का प्रयास कर रहे हैं। नागरिक किसी भी अनजान कॉल, लिंक या वीडियो कॉल पर भरोसा न करें। डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई व्यवस्था भारतीय कानून में नहीं है। यदि कोई इस तरह धमकाए या पैसे मांगे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।अभियान के दौरान धौलाना कस्बा इंचार्ज उप निरीक्षक विकलेश कुमार, साइबर टीम के हेड कांस्टेबल दिव्य बालियान सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने लोगों से साइबर सुरक्षा संबंधी सावधानियां अपनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की।


