cbamazon
उत्तर प्रदेश

दिल्ली- मेरठ रोड, गंग नहर पटरी एवं पाइपलाइन रोड पर उमड़ रहा शिवभक्तों का सैलाब

दिल्ली- मेरठ रोड, गंग नहर पटरी एवं पाइपलाइन रोड पर उमड़ रहा शिवभक्तों का सैलाब

बुलन्द संदेश ब्यूरो

 

चुंगी नंबर 3 पाइपलाइन रोड पर कांवड़ सेवा शिविर लगा कर बॉबी पंडित कर रहे हैं शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा 

 

 

मुरादनगर। (नासिर मंसूरी) हरिद्वार, से गंगा जल लेकर आने वाले शिवभक्त कांवड़ियों का जन सैलाब उमड़ रहा है। दिल्ली-मेरठ रोड एवं पाइप लाइन रोड और गंगनहर पटरी पर शिवभक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। पिछले 24 घंटे में गंगनहर पटरी से करीब 20 हजार कांवड़िये गुज़र चुके हैं। दिल्ली मेरठ रोड हो या गंग नहर पटरी मार्ग, या फिर हो पाइप लाइन रोड 'बम-बम भोले' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गुंजायमान है। दिल्ली-मेरठ रोड, पाइप लाइन और गंगनहर पटरी पर चारों ओर भगवाधारी शिवभक्तों का रेला दिखाई दे रहा है। दिल्ली मेरठ रोड पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़िये आकर्षक एवं मनमोहक झांकियों के साथ आगे बढ़ रहे हैं। रंग-बिरंगी रोशनी और धार्मिक झांकियां राहगीरों व स्थानीय लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। गंगनहर से दुहाई तक शाम होते ही लोगों की भीड़ कांवड़ यात्रा देखने के लिए पहुंचने लगती है।

हजारों लोग सड़क किनारे खड़े होकर मनमोहक झांकियों का आनंद लेते हैं। गंगनहर पटरी से राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा की ओर जाने वाले कांवड़ियों का आवागमन लगातार जारी है। कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वहीं रावली रोड स्थित चुंगी नंबर 3 पाइपलाइन रोड पर स्थित कावड़ सेवा संघ सेवा शिविर संचालक बॉबी पंडित पंडित अपने साथियों पंडित अरुण शर्मा व अन्य साथियों के साथ शिव भक्तों की सेवा में लगे हैं रोजाना हजारों कांवड़िए सेवा शिविर में आराम कर अपनी थकान मिटा रहे हैं।

शिविर में श्रद्धालु भी उनकी सेवा में लगे हैं और उनका पूरा ध्यान रख रहे हैं। बॉबी पंडित ने बताया कि शिविर में रोज समाजसेवी पहुंचकर शिव भक्तों की सेवा कर रहे हैं।