cbamazon
उत्तर प्रदेश

दूसरी शादी के लिए प्रताड़ित करने का आरोप, पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

दूसरी शादी के लिए प्रताड़ित करने का आरोप, पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

बुलन्द संदेश ब्यूरो

 

- गौतमबुद्धनगर जनपद के दादरी का है मामला 

 

गढ़मुक्तेश्वर (गुफरान अली)। 

सिंभावली थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति, सास, ननद और चचेरे देवर पर दूसरी शादी की नीयत से प्रताड़ित करने, मारपीट करने तथा हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

पुलिस के अनुसार, सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव तिगरी निवासी पूजा ने दी गई तहरीर में बताया कि उसका विवाह 11 जून 2020 को गौतमबुद्धनगर जनपद के दादरी निवासी सौरभ के साथ हुआ था। विवाह के बाद कुछ समय तक पारिवारिक जीवन सामान्य रहा और दंपति के एक पुत्र तथा एक पुत्री हैं।

पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद पति सौरभ अपनी मां संगीता और बहन निधि के उकसावे में आकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। उसका कहना है कि पति दूसरी शादी करना चाहता है और इसी उद्देश्य से उसे लगातार परेशान किया जा रहा है।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि पति ने परिजनों के साथ मिलकर कई बार उसकी हत्या का प्रयास किया। वहीं, चचेरे देवर नकुल पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता का कहना है कि जब उसने पति और सास से शिकायत की तो कार्रवाई करने के बजाय सभी ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया।

 

थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति सौरभ, सास संगीता, ननद निधि और चचेरे देवर नकुल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।