cbamazon
उत्तर प्रदेश

दिव्यांग शिवभक्त की अनोखी जागरूक कांवड़ यात्रा, हेलमेट और रक्तदान का दे रहे संदेश।

दिव्यांग शिवभक्त की अनोखी जागरूक कांवड़ यात्रा, हेलमेट और रक्तदान का दे रहे संदेश।


बुलंद संदेश ब्यूरो

शिकारपुर।अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मुमरेजपुर निवासी जूनियर हेलमेट मैन ऑफ इंडिया जय भगवान सिंह अपनी 11वीं जागरूक साइकिल कांवड़ यात्रा पर हरिद्वार के लिए रवाना हो गए हैं। वे हर वर्ष की तरह इस बार भी गंगाजल लाने के साथ-साथ हेलमेट पहनने, सड़क सुरक्षा और स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दे रहे हैं।
एक पैर से दिव्यांग होने के बावजूद जय भगवान सिंह ने अपनी दिव्यांगता को कभी बाधा नहीं बनने दिया। पिछले कई वर्षों से वे साइकिल के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट के महत्व और रक्तदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनकी यह अनोखी कांवड़ यात्रा समाज में प्रेरणा का केंद्र बन चुकी है।
जय भगवान सिंह ने बताया कि वे हेलमेट मैन ऑफ इंडिया राघवेंद्र सिंह से प्रेरित होकर यह अभियान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें "जूनियर हेलमेट मैन ऑफ इंडिया" की उपाधि भी राघवेंद्र सिंह द्वारा प्रदान की गई है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा, "हेलमेट पुलिस से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपने परिवार से दोबारा मिलने के लिए पहनें।" उनका कहना है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है और स्वैच्छिक रक्तदान से कई जरूरतमंदों की जान बचाई जा सकती है।
जय भगवान सिंह ने श्रद्धालुओं और आमजन से अधिक से अधिक रक्तदान करने तथा सुरक्षित यातायात अपनाने की अपील करते हुए कहा कि भगवान शिव की सच्ची भक्ति मानव सेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने में ही है।