बुलन्द संदेश ब्यूरो
15 दिन पहले बेटे को दिया था जन्म, पति समेत चार पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
संवाददाता जावेद अब्बासी
सरधना। पोहल्ली गांव में दहेज हत्या के मामले में सरधना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
रोहटा थाना क्षेत्र के चिंदौड़ी खास निवासी नवदीप ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी 24 वर्षीय बहन प्रीति की शादी करीब चार वर्ष पहले पोहल्ली गांव निवासी अनिरुद्ध से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में कार की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर प्रीति को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों के अनुसार करीब 15 दिन पहले प्रीति ने एक बेटे को जन्म दिया था। इसके बाद भी दहेज की मांग बंद नहीं हुई। आरोप है कि मंगलवार रात पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई की तहरीर पर पति अनिरुद्ध, देवर धीरज, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने बुधवार को मुख्य आरोपी और मृतका के पति अनिरुद्ध को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मृतका के परिजनों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री से न्याय दिलाने और सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।


