cbamazon
उत्तर प्रदेश

*एसडीजीआई ग्लोबल यूनिवर्सिटी में 'दीक्षारंभ 2026-27' ओरिएंटेशन कार्यक्रम की शुरुआत*

*एसडीजीआई ग्लोबल यूनिवर्सिटी में 'दीक्षारंभ 2026-27' ओरिएंटेशन कार्यक्रम की शुरुआत*

बुलन्द संदेश ब्यूरो

 

गाजियाबाद,(आशा चौधरी) 3 अगस्त। एसडीजीआई ग्लोबल यूनिवर्सिटी में नए इंजीनियरिंग, कंप्यूटर अनुप्रयोग, वास्तुकला, होटल प्रबंधन एवं विज्ञान के छात्र-छात्राओं के लिए सोमवार से 'दीक्षारंभ 2026-27' ओरिएंटेशन कार्यक्रम की शुरुआत एस.सी. गुप्ता ऑडिटोरियम में हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य पहली बार विश्वविद्यालय से जुड़ने वाले छात्र-छात्राओं को यहां की पढ़ाई, नियमों, सुविधाओं और परिसर के माहौल से परिचित कराना था। प्रबंधन, विधि अध्ययन, शिक्षा, फार्मेसी संकाय का 4 अगस्त और स्वास्थ्य विज्ञान संकाय का 17 अगस्त को होगा।

कार्यक्रम की शुरुआत सभी अतिथियों एवं छात्र-छात्राओं का स्वागत करके की गई। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो-चांसलर (अकादमिक) श्री विमल कुमार शर्मा का प्रो-चांसलर (प्रशासन) पीयूष श्रीवास्तव एवं कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रसेनजीत कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। अपने स्वागत संबोधन में कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रसेनजीत कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का केंद्र नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, सोच और नेतृत्व क्षमता के विकास का मंच भी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अनुशासन, मेहनत और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति अपनाने का आह्वान किया।

इसके बाद कुलसचिव डॉ. राजीव रतन ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी दी।मुख्य अतिथि प्रो-चांसलर (अकादमिक) विमल कुमार शर्मा, प्रो-चांसलर (प्रशासन) पीयूष श्रीवास्तव, प्रो-चांसलर नितिन अग्रवाल, वाइस चेयरमैन श्री अखिल अग्रवाल तथा चांसलर एवं चेयरमैन महेंद्र अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए विश्वविद्यालय के मूल्यों, अनुशासन और नवाचार आधारित शिक्षा प्रणाली के बारे में बताया।अंत में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SET) के निदेशक ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

दोपहर के भोजन के बाद दूसरे सत्र में विभिन्न स्कूलों में ओरिएंटेशन आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय के नियमों, पाठ्यक्रमों, विभागों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। आइस-ब्रेकिंग गतिविधियों और कैंपस टूर के माध्यम से उन्हें विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रमीय वातावरण से भी परिचित कराया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को निर्धारित बसों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।दीक्षारंभ 2026-27' कार्यक्रम ने नए छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय जीवन की शुरुआत आत्मविश्वास और उत्साह के साथ करने का अवसर प्रदान किया।