बुलन्द संदेश/लायबा नूर
सम्भल। सदर कोतवाली की क्षेमनाथ पुलिस चौकी क्षेत्र में मंगलवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान एक ही पक्ष के महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद घायल अवस्था में पीड़ित कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजकर उनका मेडिकल परीक्षण कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की है। पीड़िता सूरजमुखी (30 वर्ष),पत्नी बूटे सिंह,अपने घर पर बैठी थीं। तभी गांव के ही एक महिला सहित तीन लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि सभी के हाथों में लाठी-डंडे और लोहे की सरिया थी। आते ही उन्होंने सूरजमुखी पर हमला कर दिया।शोर-शराबा सुनकर मौके पर बचाने पहुंचे बंटी (22 वर्ष) और राजकुमार (35 वर्ष) पर भी हमलावरों ने हमला बोल दिया। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच एक खाली पड़े प्लॉट को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है,जो इस घटना का कारण बना।घायल अवस्था में तीनों पीड़ित कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायलों को जिला अस्पताल भेजा, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया।पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।


