बुलन्द संदेश ब्यूरो
*वर्षा के कारण यदि कहीं कोई समस्या उत्पन्न हो गई है तो उसका तुरंत निस्तारण करें संबंधित अधिकारी: जिलाधिकारी*
गाजियाबाद (आशा चौधरी) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ निरंतर प्रयासरत हैं। उनके द्वारा नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर कांवड़ मार्गों पर शिवभक्त कांवड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। साथ ही मीडिया के माध्यम से कांवड़ियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए जारी नियंत्रण कक्षों के दूरभाष नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जा रहा है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

इसी क्रम में जिलाधिकारी ने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा के कारण यदि कहीं जलभराव, सड़क क्षति अथवा गड्ढों की स्थिति उत्पन्न होती है तो उसका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में कांवड़ मार्गों पर जलभराव अथवा गड्ढे नहीं होने चाहिए, क्योंकि शिवभक्तों की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों, मंदिरों एवं मंदिर परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए। साथ ही प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कहीं से भी प्रकाश व्यवस्था या अन्य आवश्यक सेवाओं से संबंधित शिकायत प्राप्त न हो।उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान आम नागरिकों की सुविधाओं का ध्यान रखना भी उतना ही आवश्यक है। इसलिए यातायात, स्वच्छता एवं जनसुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का संचालन इस प्रकार किया जाए कि आम जनता को भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


