बुलन्द संदेश/लायबा नूर
सम्भल/चन्दौसी। जनपद के दिव्यांगजनों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों का द्वार 06 अगस्त को खुलने जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “दिव्यांगजन रोजगार अभियान-3.0” के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), चन्दौसी में दिव्यांगजन रोजगार एवं स्वरोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले का उद्देश्य अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को रोजगार,कौशल विकास और वित्तीय सहायता योजनाओं से जोड़ना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
मेले में जिला सेवायोजन विभाग,जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग,जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र तथा लीड बैंक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।सेवायोजन विभाग द्वारा रोजगार के अवसरों और रिक्तियों की जानकारी दी जाएगी, वहीं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग अपनी योजनाओं के माध्यम से लाभ लेने के तरीके बताएगा। इसके अलावा उद्योग विभाग द्वारा स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, जिससे इच्छुक लोग अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।बैंक प्रतिनिधि भी मेले में उपस्थित रहकर ऋण और वित्तीय सहायता से संबंधित जानकारी देंगे तथा स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक दिव्यांगजनों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। मेले में प्रतिभागियों को उनकी योग्यता और रुचि के अनुसार रोजगार से जोड़ने के साथ-साथ स्वरोजगार के लिए जरूरी सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा।प्रशासन ने जनपद के सभी दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और 06 अगस्त को आईटीआई,चन्दौसी में पहुंचकर अपने भविष्य को नई दिशा दें। यह मेला न केवल रोजगार का मंच है, बल्कि आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन की ओर एक महत्वपूर्ण कदम भी है।


