cbamazon
उत्तर प्रदेश

कल्लूगढ़ी में पेड़ से लटका मिला युवक का शव

कल्लूगढ़ी में पेड़ से लटका मिला युवक का शव

बुलन्द संदेश ब्यूरो

 

गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र की जेल चौकी के अंतर्गत ग्राम कालूगढ़ी स्थित कब्रिस्तान के जंगल में बुधवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अली मोहम्मद उर्फ बुल्ला (40) पुत्र दीन मोहम्मद, निवासी कालूगढ़ी के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि सुबह ग्रामीण कब्रिस्तान की ओर गए तो उन्होंने पेड़ से लटका शव देखा। सूचना मिलते ही मसूरी थाना पुलिस, जेल चौकी पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक के परिजनों, परिचितों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की हर कड़ी को खंगाला जा रहा है।

घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि बिना वैज्ञानिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

मसूरी पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। यदि जांच में हत्या या किसी आपराधिक साजिश के साक्ष्य सामने आते हैं तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच में जुटी है