बुलन्द संदेश/लायबा नूर
म्भल/बहजोई।जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पूर्ति विभाग के अंतर्गत जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था,परिवहन प्रणाली और अन्नपूर्णा भवनों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने उचित दर की दुकानों तक खाद्यान्न की समयबद्ध आपूर्ति को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जो परिवहन ठेकेदार निर्धारित समय के भीतर राशन दुकानों तक खाद्यान्न नहीं पहुंचा रहे हैं,उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधित संस्था को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्ग ने बताया कि खाद्यान्न डिस्पैच होने के 24 घंटे के भीतर उचित दर विक्रेताओं तक पहुंचा दिया जाता है और विशेष परिस्थितियों में अधिकतम 48 घंटे में ई-पॉस मशीन के माध्यम से रिसीविंग सुनिश्चित की जाती है।जिलाधिकारी ने उन क्षेत्रों की भी जानकारी ली,जहां बड़े वाहनों का पहुंचना संभव नहीं है। ऐसे स्थानों पर छोटे वाहनों के माध्यम से आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।इसके साथ ही निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवनों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पूर्ण हो चुके भवनों की गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत चल रहे कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश जिला विकास अधिकारी को दिए।बैठक में राशन दुकानों के प्रस्ताव, निलंबन की स्थिति और वितरण व्यवस्था से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


