cbamazon
उत्तर प्रदेश

*लोगों की सेहत के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा : जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़*

*लोगों की सेहत के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा : जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़*

बुलन्द संदेश ब्यूरो

 

*मिलावटखोरों एवं नकली खाद्य व औषधि कारोबारियों के विरुद्ध की जाए सख्त कार्रवाई : जिलाधिकारी*

 

गाजियाबाद (आशा चौधरी) जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध, गुणवत्तायुक्त एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनपदभर में विशेष अभियान संचालित करते हुए खाद्य एवं औषधि प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा गणेशपुरी भाटी चौक, शालीमार गार्डन स्थित "घनश्याम चाप" निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया, जहां अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण पाया गया। कार्रवाई के दौरान सोया चाप एवं मैदा के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए तथा लगभग 200 किलोग्राम सोया चाप नष्ट कराते हुए प्रतिष्ठान के पंजीकरण के निलंबन की संस्तुति की गई।

इसी क्रम में लोनी क्षेत्र के आर्यनगर स्थित एक चाप निर्माण इकाई पर छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रतिष्ठान वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका तथा स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाया गया। खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु संग्रहित करते हुए इकाई का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद कराने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा नकली दवाओं के कारोबार के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड की संयुक्त टीम द्वारा संचालित अंतरराज्यीय अभियान के तहत देहरादून स्थित एक अवैध नकली औषधि निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया गया, जहां से बड़ी मात्रा में नकली दवाएं, पैकिंग सामग्री एवं मशीनरी बरामद की गई। इस प्रकरण में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराते हुए गिरफ्तारी की कार्रवाई भी की गई है।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि मिलावटखोरी, नकली खाद्य पदार्थों, नकली दवाओं अथवा अन्य मानकविहीन उत्पादों के निर्माण एवं विक्रय से संबंधित कोई भी सूचना प्राप्त होने पर तत्काल संबंधित विभाग अथवा जिला प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके तथा भविष्य में संभावित जनहानि, स्वास्थ्य संबंधी जोखिम अथवा अन्य अप्रिय घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी विशेष सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि यदि इस प्रकार की कोई सूचना उनके संज्ञान में आती है तो उसे प्रशासन तक अवश्य पहुंचाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित एवं जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए गलत कार्य करने वालों को अनदेखा न करें, बल्कि उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कराने में प्रशासन का सहयोग करें। समाज एवं जनस्वास्थ्य के हित में सभी की सहभागिता एवं सजगता अत्यंत आवश्यक है।

जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने निर्देश दिए हैं कि कांवड़ मार्गों, शिविरों, भोजनालयों, ढाबों एवं अस्थायी खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा मिलावटी, मानकविहीन अथवा जनस्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य एवं औषधीय उत्पादों के निर्माण एवं विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाए।