बुलंद संदेश ब्यूरो
शिकारपुर। अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-बदायूं मार्ग पर गांव गंगाबास के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में क्रेटा कार सवार दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित हुई कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण दोनों युवक उसमें फंस गए थे। पुलिस और बचाव दल ने गैस कटर की मदद से कार के दरवाजे काटकर दोनों युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार दोनों युवक डिबाई की ओर से बुलंदशहर की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी विशंभर दयाल ने बताया की
फिलहाल पुलिस मृतक युवकों की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में हुए कार हादसे में मृतकों की पहचान हिमांशु अग्रवाल पुत्र विनीत अग्रवाल 30 वर्ष निवासी मोहल्ला सराय किशन चंद डिवाई मनु पुत्र रामजीलाल 22 वर्ष मोहल्ला सराय बरौनी डिवाई के रूप में हुई है।


