●6 महिलाओं समेत 20 पर मुकदमा
बुलन्द संदेश/ लल्ला सलमानी
सम्भल। बहजोई थाना क्षेत्र के फतेहपुर शमसोई गांव में पुरानी रंजिश एक बार फिर हिंसक रूप ले बैठी। 30 जुलाई को विजय और पुष्पेंद्र के परिवारों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आ गए,जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
सूचना मिलते ही क्षेत्र में गश्त कर रहे उपनिरीक्षक संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने तक दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो रही थी और स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई थी। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया और हालात को काबू में किया।साथ ही लोगों को सख्त चेतावनी दी गई कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।इस मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उपनिरीक्षक संजय कुमार की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। आरोपियों में छह महिलाएं भी शामिल हैं। एक पक्ष से देवेंद्र,विजय,ओमवीर,प्रेमशंकर,निरंजन,पुष्पा, नेमवती, राजबाला और राजकुमारी, जबकि दूसरे पक्ष से पुष्पेंद्र, प्रेमराज, गौरव, विकास, भूदेव, दिनेश, चंद्रप्रकाश, मंगली, किरण, कैलाशो और राजवती के नाम शामिल किए गए हैं।थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा,उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


