cbamazon
उत्तर प्रदेश

*रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं से लाभान्वित होंगे दिव्यांगजन, 03,10 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान: सीडीओ कुमार सौरभ*

*रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं से लाभान्वित होंगे दिव्यांगजन, 03,10 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान: सीडीओ कुमार सौरभ*

बुलन्द संदेश ब्यूरो

 

गाजियाबाद (आशा चौधरी) जनपद के दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 03 अगस्त से 10 अगस्त, 2026 तक विशेष दिव्यांग रोजगार एवं स्वरोजगार अभियान का आयोजन विकास भवन, गाजियाबाद में किया जाएगा। इस विशेष अभियान के माध्यम से दिव्यांगजनों को रोजगार, स्वरोजगार, बैंक ऋण, कौशल विकास, सरकारी योजनाओं तथा निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए जाएंगे।मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने बताया कि इस अभियान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहेंगे, जिससे दिव्यांगजनों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पात्र दिव्यांगजनों को उनकी योग्यता, रुचि एवं आवश्यकता के अनुसार विभिन्न योजनाओं से जोड़ते हुए आवेदन की प्रक्रिया भी कराई जाएगी।

अभियान के दौरान निम्नलिखित योजनाओं से लाभान्वित किए जाने हेतु पात्र दिव्यांगजनों का चिन्हांकन एवं आवेदन कराया जाएगा— मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना, ग्रामोद्योग रोजगार योजना, माटी कला टूल किट योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना, खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग) इकाई स्थापना हेतु ऋण योजना, बकरी पालन योजना, मुर्गी पालन योजना, सूकर पालन योजना, नेपियर घास योजना, ग्रामीण क्षेत्र की दिव्यांग महिलाओं को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के स्वयं सहायता समूहों से जोड़ना, शहरी क्षेत्र की दिव्यांग महिलाओं को डूडा के माध्यम से संचालित स्वयं सहायता समूहों से जोड़ना, विभिन्न विभागों द्वारा संचालित स्वरोजगार एवं बैंक ऋण योजनाएं व अन्य विभागों द्वारा संचालित पात्रतानुसार रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाएं।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि अभियान में उपायुक्त उद्योग (जिला उद्योग केंद्र), जिला उद्यान अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा, जिला सेवायोजन अधिकारी, जिला कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक, प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई, जिला विकास अधिकारी, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त, पशुपालन विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), बैंकों के प्रतिनिधि तथा जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे तथा पात्र दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।अभियान के दौरान विशेष रोजगार मेले का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न निजी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। जोमैटो, ब्लिंकिट तथा अन्य फूड डिलीवरी एवं लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की कंपनियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। शिक्षित एवं इच्छुक दिव्यांग अभ्यर्थियों का पंजीकरण कर उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

जो दिव्यांगजन स्वयं का व्यवसाय स्थापित करना चाहते हैं, उन्हें विभिन्न विभागों द्वारा संचालित ऋण एवं स्वरोजगार योजनाओं से जोड़कर आवश्यक मार्गदर्शन एवं बैंक ऋण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी श्री कुमार सौरभ ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान के दौरान प्रत्येक पात्र दिव्यांगजन को योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा पात्रता के अनुसार उनके आवेदन प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएं, जिससे कोई भी पात्र दिव्यांगजन शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने जनपद के सभी दिव्यांग भाई-बहनों से अपील की है कि वे 03 अगस्त से 10 अगस्त, 2026 तक आयोजित इस विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इच्छुक दिव्यांगजन अपने साथ आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड अथवा दिव्यांग प्रमाणपत्र, बैंक पासबुक, शैक्षिक प्रमाणपत्र (यदि उपलब्ध हों), पासपोर्ट आकार के फोटो एवं अन्य आवश्यक अभिलेख लेकर विकास भवन, गाजियाबाद में आयोजित अभियान में प्रतिभाग करें, ताकि मौके पर ही उनका पंजीकरण एवं संबंधित योजनाओं में आवेदन कराया जा सके।

उन्होंने यह भी आग्रह किया कि इस विशेष अभियान की जानकारी अधिक से अधिक अन्य दिव्यांगजनों तक भी पहुंचाएं, ताकि जनपद का कोई भी पात्र दिव्यांगजन रोजगार, स्वरोजगार एवं शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

अधिक जानकारी हेतु इच्छुक दिव्यांगजन जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, गाजियाबाद श्री अंशुल चौहान के व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 8791491011 पर व्हाट्सएप संदेश भेजकर अभियान, पात्रता, आवश्यक अभिलेख, आवेदन प्रक्रिया एवं रोजगार मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।