बुलन्द संदेश ब्यूरो
कडी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मृतक धर्मपाल का कराया गया अंतिम संस्कार
बुलंद संदेश ब्यूरो
शिकारपुर। अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव जगदीशपुर में शराब पीने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। चार दिन पहले बादशाह और धर्मपाल के बीच कहासुनी के बाद मारपीट और धक्का-मुक्की हुई थी। इसी दौरान करीब 40 वर्षीय धर्मपाल सिर के बल जमीन पर गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।
घायल धर्मपाल का पहले स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद अहमदगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी बादशाह को गिरफ्तार कर लिया है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मौके पर क्षेत्राधिकारी खुर्जा शोभित कुमार और क्षेत्राधिकारी शिकारपुर प्रमोद कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मृतक धर्मपाल का अंतिम संस्कार कराया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।


