cbamazon
उत्तर प्रदेश

सरस्वती विद्या मंदिर कन्या इंटर कॉलेज में नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण शिविर आयोजित

सरस्वती विद्या मंदिर कन्या इंटर कॉलेज में नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण शिविर आयोजित


बुलंद संदेश ब्यूरो


शिकारपुर। सरस्वती विद्या मंदिर कन्या इंटर कॉलेज, शिकारपुर में गुरुवार को छात्राओं के लिए नेत्र एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण तथा टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शिकारपुर की चिकित्सकीय टीम द्वारा संपन्न कराया गया।

शिविर में डॉ. रूबी एवं डॉ. शीनू वर्मा, डॉ अतुल चौधरी , एएनएम दीप्ति शर्मा एवं  उमेश शर्मा ने अपने सहयोगी स्वास्थ्य कर्मियों के साथ छात्राओं का नेत्र परीक्षण एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के उपरांत आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किए गए तथा छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता एवं आंखों की नियमित देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा छात्राओं को एल्बेंडाजोल (पेट के कीड़ों की रोकथाम हेतु), पैरासिटामोल तथा ओआरएस (ORS) पाउच, एलर्जी की दवाईयां, आयरन व कैल्शियम की दवाइयों का भी वितरण किया गया। साथ ही पात्र छात्राओं का टीडी (TD) एवं डीपीटी (DPT) टीकाकरण भी किया गया।

विद्यालय के प्रबंधक  अनिल कुमार मित्तल ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया तथा कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण कार्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्या  निशा गुप्ता ने छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय की कोऑर्डिनेटर-1  निधि गुप्ता एवं कोऑर्डिनेटर-2  बिंदु चौधरी का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षक-शिक्षणेत्तर स्टाफ उपस्थित रहा तथा सभी ने शिविर के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक स्वास्थ्य परीक्षण, औषधि वितरण एवं टीकाकरण कार्यक्रम में भाग लिया।