cbamazon
उत्तर प्रदेश

तीन दिन में दूसरी चोरी, पुलिस की रात्रि गश्त पर उठे सवाल 

तीन दिन में दूसरी चोरी, पुलिस की रात्रि गश्त पर उठे सवाल 

 बुलन्द संदेश  ब्यूरो

मोदीनगर (अनवर खान)। मोदीनगर थानाक्षेत्र में तीन दिन पूर्व बेगमाबाद निवासी श्रीभगवान शर्मा के मकान में हुई लाखों की चोरी का पुलिस अभी खुलासा भी नहीं कर पाई थी कि चोरों ने रविवार देर रात बुदाना गांव निवासी राकेश के मकान को निशाना बनाते हुए करीब दो लाख रुपये की नकदी तथा लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। लगातार दूसरी बड़ी वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठने लगे हैं।
            ‌जानकारी के अनुसार रविवार रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। देर रात अज्ञात चोर मकान में घुस गए और घर में रखे सेफ से करीब दो लाख रुपये की नकदी तथा सोने-चांदी के कीमती आभूषण समेटकर फरार हो गए। सोमवार सुबह परिजनों की आंख खुली तो मुख्य दरवाजा खुला मिला और कमरे का सामान बिखरा पड़ा देखा तो चोरी का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित राकेश ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। 


          पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।

बॉक्स : इसी चौकी क्षेत्र में तीन दिन पूर्व हुई थी चोरी 

गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व इसी निवाड़ी चौकी क्षेत्र के बेगमाबाद के मुख्य बाजार स्थित ग्रामीण बैंक के ऊपर रहने वाले श्रीभगवान शर्मा के मकान में भी नकदी और लाखों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी हुए थे। अब इसी चौकी क्षेत्र में लगातार दूसरी बड़ी चोरी के बाद क्षेत्रवासियों में भय का माहौल है और पुलिस की रात्रि गश्त व सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लग रहे हैं।