बुलंद संदेश / मोहम्मद काशिफ
संभल। बुधवार को एम.जी.एम. पी.जी. कॉलेज, संभल में नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के प्रचार-प्रसार के तहत छात्राओं द्वारा एक जागरूकता पदयात्रा निकाली गई। इस दौरान छात्राओं ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि वे इस अधिनियम को लागू कराने के लिए हर संभव प्रयास करेंगी और अपने अधिकारों की प्राप्ति के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगी।
पदयात्रा में शामिल छात्राओं ने कहा कि वे जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़कर यह साबित करेंगी कि महिला और पुरुष में कोई भेदभाव नहीं है। महिलाएं भी हर वह कार्य करने में सक्षम हैं, जो पुरुष कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाएं जहां एक ओर लक्ष्मी का स्वरूप मानी जाती हैं, वहीं आवश्यकता पड़ने पर दुर्गा और काली का रूप भी धारण कर सकती हैं।
इस कार्यक्रम में लगभग 50 छात्राएं और महाविद्यालय की 5 महिला शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। पदयात्रा का संचालन मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. रीतू भटनागर द्वारा किया गया।


