cbamazon
उत्तर प्रदेश

साइबर ठगी से बचने के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक

साइबर ठगी से बचने के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक

सीसीएसयू में कार्यक्रम आयोजित, डिजिटल अरेस्ट और फर्जी निवेश के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के बताए तरीके

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में गुरुवार को साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी निवेश और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी से बचने के तरीके बताए।

उत्तर प्रदेश पुलिस के साइबर जागरूकता अभियान के तहत विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज और सर छोटू राम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम हुआ। इसमें क्षेत्राधिकारी सौम्या अस्थाना, साइबर सेल प्रभारी संजय पांडेय सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को जागरूक किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को डराकर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर रुपये ठगते हैं। इसके अलावा फर्जी लिंक, संदिग्ध क्यूआर कोड, ऑनलाइन गेमिंग, नकली निवेश योजनाओं और विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर भी ठगी की जाती है। विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि अनजान लिंक न खोलें और किसी भी संदिग्ध क्यूआर कोड को स्कैन न करें।

अधिकारियों ने कहा कि किसी के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम कार्ड का सीवीवी नंबर या बैंकिंग पासवर्ड साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर भी शिकायत की जा सकती है। संदिग्ध संदेशों, प्रोफाइल और ऑनलाइन गतिविधियों से जुड़े डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक, पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।