फर्जी दस्तावेज दिखाकर रुपये लेने का आरोप, बैनामा नहीं करने पर दर्ज हुआ था मुकदमा
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरधना। जमीन के नाम पर पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में सरधना पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी दस्तावेज दिखाकर रुपये लेने और जमीन का बैनामा नहीं करने का आरोप है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, भावनपुर थाना क्षेत्र के शिव बिहार, गढ़ रोड निवासी सतपाल ने तीन मार्च 2026 को सरधना थाने में तहरीर दी थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि विजेंद्र पुत्र हरपाल सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी और कूटरचित दस्तावेज दिखाकर उनसे पांच लाख रुपये ले लिए, लेकिन जमीन का बैनामा नहीं किया। रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने विजेंद्र समेत छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले में अन्य आरोपियों के खिलाफ पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है, जबकि विजेंद्र फरार चल रहा था।एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी विजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से हापुड़ के गांव सबली का निवासी है और वर्तमान में गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव पोपई में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।


