cbamazon
Big News

तेज बारिश व ओलावृष्टि ने बरसाया कहर किसानों की फसले हुई बर्बाद

तेज बारिश व ओलावृष्टि ने बरसाया कहर किसानों की फसले हुई बर्बाद

 

 

 

 

सम्भल बहजोई। रविवार को बहजोई क्षेत्र में हुई तेज बारिश और भारी ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया।भवन,किसौली,अतरासी समेत आसपास के कई गांवों में खेतों में खड़ी फसलें बुरी तरह चौपट हो गईं।अचानक हुई इस प्राकृतिक आपदा ने गेहूं,सरसों और दलहनी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है,जिससे किसान गहरे संकट में आ गए हैं।

      प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,कुछ ही मिनटों में आसमान से गिरे बड़े-बड़े ओलों ने खेतों को सफेद चादर में बदल दिया।ओलों की तेज मार से तैयार खड़ी फसलें जमीन पर गिर गईं और बर्बाद हो गईं।किसानों का कहना है कि कटाई से ठीक पहले आई इस ओलावृष्टि ने उनकी सालभर की मेहनत छीन ली।स्थानीय किसानों ने बताया कि इस नुकसान से उनकी आर्थिक स्थिति चरमरा गई है। कई परिवार अब रोजमर्रा के खर्च और भरण-पोषण को लेकर चिंतित हैं। किसानों का कहना है कि उन्होंने कर्ज लेकर खेती की थी,लेकिन फसल नष्ट होने से अब कर्ज चुकाना भी मुश्किल हो गया है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित गांवों का तत्काल सर्वे कराया जाए और फसल नुकसान का सही आंकलन कर जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए।किसानों का कहना है कि यदि समय रहते मदद नहीं मिली तो उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।क्षेत्र के किसानों ने सरकार से राहत पैकेज की घोषणा करने की भी अपील की है,ताकि उन्हें इस आपदा से उबरने में मदद मिल सके।