cbamazon
Breaking News

87 मामलों में हुई काउंसलिंग 10 बिछड़े परिवारों का हुआ मिलन,

87 मामलों में हुई काउंसलिंग 10 बिछड़े परिवारों का हुआ मिलन,

बुलन्द संदेश/लल्ला सलमानी 

सम्भल। जनपद में पारिवारिक विवादों को सुलझाने के उद्देश्य से पुलिस परिवार परामर्श एवं सुलह समझौता केंद्र की बैठक शनिवार को पुलिस लाइन बहजोई में आयोजित की गई।बैठक का आयोजन पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत एवं क्षेत्राधिकारी बहजोई स्तुति सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता थानाध्यक्ष डॉ.रूकमपाल सिंह ने की।
      बैठक के दौरान पति-पत्नी के बीच उत्पन्न आपसी विवादों को सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित करने के लिए काउंसलर्स की मदद से सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 87 पत्रावलियों पर विचार किया गया,जिनमें से 28 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान 10 परिवारों को आपसी सहमति से पुनःएक साथ रहने के लिए तैयार किया गया,जिससे कई टूटते घरों को फिर से बसाने में सफलता मिली।इसके अलावा 3 मामलों में विधिक कार्रवाई की संस्तुति की गई,जबकि 15 मामलों को आवेदक या आवेदिका के काउंसलिंग में उपस्थित न होने अथवा मामले में रुचि न लेने के कारण बंद कर दिया गया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की पहल से न केवल पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान होता है,बल्कि समाज में सौहार्द और स्थिरता भी बनी रहती है। भविष्य में भी इस तरह की काउंसलिंग बैठकों का आयोजन जारी रहेगा।इस अवसर पर काउंसलर लवमोहन वाषर्णेय,श्वेता गुप्ता,बबिता शर्मा,सीमा आर्य सहित कांस्टेबल शहजाद मलिक और महिला आरक्षी विनीता समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।