चांद के दीदार के बाद पानी पिलाकर खुलवाया व्रत, पति की लंबी उम्र के लिए प्रीति सोम ने रखा निर्जला उपवास
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरधना। राजनीतिक मंच पर अपने बेबाक अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले भाजपा नेता और सरधना के पूर्व विधायक ठाकुर संगीत सोम करवाचौथ पर अलग ही अंदाज में नजर आए। करवाचौथ के पावन अवसर पर उन्होंने अपनी पत्नी प्रीति सोम के साथ पर्व मनाया। प्रीति सोम ने पति की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना के साथ निर्जला व्रत रखा।
शाम को पूजा-अर्चना और चांद के दर्शन के बाद संगीत सोम ने पत्नी प्रीति सोम को पानी पिलाकर और निवाला खिलाकर उनका व्रत खुलवाया। इस दौरान पति-पत्नी के बीच आत्मीयता और पारिवारिक जुड़ाव की झलक देखने को मिली।
सार्वजनिक जीवन में राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहने वाले संगीत सोम का यह पारिवारिक अंदाज करवाचौथ के मौके पर सामने आया। करवाचौथ भारतीय परंपरा में पति-पत्नी के प्रेम, विश्वास और समर्पण का प्रतीक माना जाता है। इस पर्व पर ब्लॉक प्रमुख प्रीति सोम ने जहां पति की लंबी उम्र की कामना की, वहीं संगीत सोम ने उनके व्रत का पारंपरिक तरीके से पारण कराया।राजनीतिक व्यस्तताओं के बीच परिवार को समय देना और त्योहारों को परंपरा के अनुसार मनाना रिश्तों की अहमियत को दर्शाता है। करवाचौथ के इस मौके पर संगीत सोम और प्रीति सोम की तस्वीर ने उनके पारिवारिक पक्ष को सामने रखा।


