cbamazon
Breaking News

बेसहारा महिलाओं और बच्चों के लिए उम्मीद बनी प्रशासन की मुहिम।

बेसहारा महिलाओं और बच्चों के लिए उम्मीद बनी प्रशासन की मुहिम।

हाईकोर्ट के आदेश पर सम्भल में सड़कों से रेस्क्यू,आश्रय और पुनर्वास का अभियान तेज।

बुलन्द संदेश/ दानिश अली 

सम्भल। जनपद में बेसहारा, अनाथ और असहाय महिलाओं व बच्चों के लिए जिला प्रशासन की पहल उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आई है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में चलाए जा रहे इस विशेष मानवीय अभियान के तहत सड़कों,चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर रह रहे जरूरतमंद लोगों को चिन्हित कर उन्हें सुरक्षित जीवन देने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।
      जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देशन में जिला रेस्क्यू टास्क फोर्स, चाइल्ड हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर की संयुक्त टीमें लगातार अभियान चलाकर ऐसे लोगों को रेस्क्यू कर रही हैं,जो लंबे समय से बदहाल स्थिति में जीवन यापन कर रहे थे। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य इन महिलाओं और बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनका पुनर्वास सुनिश्चित करना है।अभियान के तहत चिन्हित महिलाओं को काउंसलिंग के बाद आश्रय गृहों में सुरक्षित पहुंचाया जा रहा है,वहीं गुमशुदा और भटके हुए बच्चों को विधिक प्रक्रिया पूरी कर उनके परिजनों से मिलवाया जा रहा है। टीम द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए 24 घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित किया जा रहा है मुख्य विकास अधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा इस अभियान की नियमित समीक्षा की जा रही है,जिससे कार्य में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बनी रहे। जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं कोई बेसहारा महिला या बच्चा दिखाई दे,तो इसकी सूचना तत्काल हेल्पलाइन नंबर 181 या 1098 पर दें।इस पहल से अब तक कई जरूरतमंदों को नया जीवन मिला है और प्रशासन की यह मानवीय मुहिम समाज में सराहना का विषय बनी हुई है।