अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं योग सप्ताह के सफल आयोजन के लिए डीएम ने किया संवाद
बुलन्द संदेश/मौहम्मद अब्बास
संभल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के अन्तर्गत आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में 21 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तथा योग सप्ताह के संबंध नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुखों एवं ग्राम प्रधानों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस स्वस्थ आयु के लिए योग थीम के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 जून से 21 जून तक योग सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जनपद के सभी क्षेत्रों में योग से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 20 जून को स्वच्छता दिवस मनाया जाएगा। इसके लिए गंदगी वाले ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर विशेष अभियान चलाते हुए उन स्थानों की साफ-सफाई कराई जाए। बड़े गांवों में वार्डवार तथा ग्राम सचिवालयों, अमृत सरोवरों, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। ग्राम स्तर पर ग्राम प्रधान, ब्लॉक स्तर पर ब्लॉक प्रमुख तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायत स्तर पर चेयरमैन द्वारा योग दिवस कार्यक्रमों का नेतृत्व करने की आवश्यकता है। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मा. मुख्यमंत्री जी की अपेक्षानुसार इस वर्ष योग सप्ताह को उत्साह एवं बेहतर प्रबंधन के साथ मनाया जा रहा है। सभी जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी इसकी सफलता में सहयोग करें। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने कहा कि योग जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है तथा इससे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ अनेक लाभ प्राप्त होते हैं। भारत ने योग को विश्व पटल पर स्थापित करने का कार्य किया है तथा इसे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों, विकास खण्डों, नगर पंचायतों, नगर पालिकाओं, अमृत सरोवरों, ग्राम पंचायत भवनों, अन्नपूर्णा भवनों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक पार्कों सहित सभी प्रमुख स्थलों पर योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा कोई भी महत्वपूर्ण स्थान छूटने न पाए। ग्राम प्रधान, ब्लॉक प्रमुख एवं चेयरमैन स्वयं इन कार्यक्रमों में प्रतिभाग करें। जिलाधिकारी ने कहा कि 21 जून को वृहद स्तर पर योग दिवस का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके पूर्व 20 जून को स्वच्छता दिवस भी वृहद स्तर पर मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों का चयन किया जाए, जहां गंदगी अधिक हो, जैसे बड़े वार्ड, ग्राम पंचायत या अमृत सरोवर आदि, और वहां सभी लोग एकजुट होकर स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग करें। उन्होंने निर्देशित किया कि आयुष विभाग द्वारा ग्राम पंचायत, ब्लॉक, नगर पालिका, नगर पंचायत तथा जिला स्तर पर योग एवं स्वच्छता कार्यक्रमों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कम से कम तीन-तीन व्यक्तियों को सम्मानित किया जाए। साथ ही आयुष कवच पोर्टल पर कार्यक्रमों की फोटो भी अपलोड की जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, डिप्टी कलेक्टर रामानुज, परियोजना निदेशक डीआरडीए अखिलेश कुमार चौबे, जिला होम्योपैथी अधिकारी डॉ. अम्बरीश कुमार शर्मा, नोडल अधिकारी आयुष विभाग डॉ. अभिषेक सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष बहजोई राजेश शंकर राजू, ब्लॉक प्रमुख असमोली संतोष देवी, ब्लॉक प्रमुख जुनावई दिव्य प्रकाश यादव, नगर पंचायत गुन्नौर के चेयरमैन, ग्राम प्रधान तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


