cbamazon
उत्तर प्रदेश

गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर हजारों किसान लखनऊ रवाना

गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर हजारों किसान लखनऊ रवाना

हाथों में गन्ना लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पहुंचे मेरठ के किसान, नौचंदी एक्सप्रेस में सवार होकर किया कूच

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

मेरठ। गन्ना मूल्य बढ़ाने और किसानों की अन्य समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में हजारों किसान बृहस्पतिवार को लखनऊ के लिए रवाना हुए। किसान हाथों में गन्ना लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां से वे नौचंदी एक्सप्रेस में सवार होकर लखनऊ के गन्ना भवन में होने वाली पंचायत में शामिल होने के लिए रवाना हुए।भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि गन्ने की खेती में लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि उत्पादन कम होने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके बावजूद किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। इसी के विरोध में किसान हाथों में गन्ना लेकर लखनऊ जा रहे हैं, ताकि सरकार तक अपनी मांग पहुंचा सकें।उन्होंने कहा कि किसानों को गन्ना मूल्य बढ़ाने के साथ बॉन्ड ट्रांसफर की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में किसान पहले भी कई बार आवाज उठा चुके हैं। जनवरी में मेरठ के गन्ना भवन पर आठ दिन तक आंदोलन किया गया था, लेकिन किसानों का आरोप है कि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।अनुराग चौधरी ने कहा कि गन्ना उत्पादन और बॉन्ड ट्रांसफर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए किसान लंबे समय से मांग कर रहे हैं। अब किसान अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज करेंगे। लखनऊ में होने वाली पंचायत में इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।इस दौरान मेजर सुरेंद्र, रामफल शर्मा, सत्येंद्र सिंह, मोनू टिकरी, देशपाल, रामबोस, विनैश, बिट्टू, हरबीर, वीरपाल, तेजश्वर, हर्ष चहल, अनूप यादव, सचिन, सुखपाल, रविंद्र, वीरेंद्र और राजेंद्र सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।