बाल श्रम के खिलाफ चला अभियान कई स्थानों पर की गई कार्रवाई।
बुलन्द संदेश/मौहम्मद अब्बास
सम्भल।जनपद में बाल श्रम उन्मूलन को लेकर प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय के निर्देशन में नगर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में टीमों ने निरीक्षण कर बाल श्रम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इस दौरान आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया।
अभियान के तहत शंकर कॉलेज चौराहा,चंदौसी चौराहा,चौधरी सराय और मोहल्ला खेड़ा सहित कई स्थानों पर श्रम विभाग की टीम ने पहुंचकर दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की। श्रम प्रवर्तन अधिकारी मौ.आजम ने बाल श्रम करते पाए गए सेवायोजकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी दी। साथ ही उन्होंने दुकानदारों को कानून की जानकारी देकर बाल श्रम से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।अभियान में पुलिस विभाग का भी सहयोग रहा।एएचटीयू थाना प्रभारी पवनवीर सिंह राणा ने पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहकर टीम को सुरक्षा प्रदान की और कार्रवाई को प्रभावी बनाया।श्रम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि बाल श्रम समाज के लिए अभिशाप है और इसके उन्मूलन के लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना होगा। यदि लोग स्वयं जागरूक होकर संकल्प लें,तो वर्ष 2027 तक बाल श्रम मुक्त समाज का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है।लिपिक ललित कुमार ने बताया कि यदि कहीं भी बाल श्रम होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल श्रम विभाग को दें,ताकि संबंधित नियोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।इस दौरान एसआई राजकिशोर,विकास कुमार,गौरीशंकर चौधरी सहित प्रयत्न संस्था के सदस्य और अन्य लोग भी उपस्थित रहे।


