cbamazon
Top News

दो दशक का कूड़ा हुआ साफ

दो दशक का कूड़ा हुआ साफ

दो दशक का कूड़ा हुआ साफ 


बुलन्द संदेश/मौहम्मद अब्बास


●बबराला रेलवे फाटक के पास शुरू हुआ सफाई अभियान बनेगा सुंदर स्थल।

सम्भल।बबराला रेलवे फाटक के निकट वर्षों से जमा कूड़े के ढेर को हटाने की बहुप्रतीक्षित प्रक्रिया आखिरकार शुरू हो गई है। करीब 20 साल से यहां कूड़ा जमा होने के कारण स्थानीय लोगों को दुर्गंध,गंदगी और बीमारियों के खतरे जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। अब सफाई अभियान शुरू होने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।
     स्थानीय निवासियों के अनुसार,इस स्थान की स्थिति लंबे समय से बेहद खराब थी और कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया था। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष हर्षवर्धन ने इस गंभीर समस्या को लेकर रेलवे विभाग को अवगत कराया था और कूड़ा हटाने के लिए अनुमति मांगी थी।नगर पंचायत अध्यक्ष हर्षवर्धन ने बताया कि लगातार प्रयासों के बाद रेलवे विभाग से आवश्यक अनुमति मिल गई है,जिसके बाद अब कूड़े के ढेर को हटाने का कार्य तेज़ी से शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस स्थान को केवल साफ ही नहीं किया जाएगा, बल्कि इसे एक सुंदर और उपयोगी स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।योजना के तहत यहां व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा और विभिन्न प्रकार के फूलों की फुलवारी लगाई जाएगी। इससे न केवल क्षेत्र का वातावरण स्वच्छ और हरित बनेगा, बल्कि लोगों को टहलने और समय बिताने के लिए एक बेहतर स्थान भी उपलब्ध होगा।क्षेत्रवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही यह स्थान गंदगी से मुक्त होकर एक आकर्षक और स्वच्छ स्थल के रूप में नजर आएगा।