जामुन तोड़ने को लेकर हुए विवाद में दो घायल।
बुलन्द संदेश/शाहवेज खान
पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ दी तहरीर पुलिस कराया मैडिकल।
सम्भल। सदर कोतवाली क्षेत्र में जामुन तोड़ने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पत्थर वाले बाग में जामुन लेने गए चाचा-भतीजे के साथ कुछ युवकों ने जमकर मारपीट कर दी।
जिससे दोनों घायल हो गए। घायल अवस्था में दोनों कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मिली जानकारी के अनुसार मोहल्ला कोट गर्वी निवासी अलीजुहेव (14) पुत्र जुल्फेकार और उसका चाचा मिक्की (24) पुत्र सलीम शनिवार को पास के बाग में जामुन तोड़ने गए थे। आरोप है कि बाग में पहले से मौजूद 8-10 युवकों से उनका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।आरोपियों ने दोनों को घेरकर पीट दिया, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं।घटना के बाद घायल चाचा-भतीजा किसी तरह सदर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया।सदर कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


