मिशन शक्ति अभियान से महिलाओं में बढ़ा आत्मविश्वास
बुलन्द संदेश/लायबा नूर
सम्भल। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) अभियान के तहत जनपद सम्भल पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार के निर्देशन में एंटी रोमियो टीमों और महिला पुलिसकर्मियों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने बाजारों, स्कूल-कॉलेजों,चौराहों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों से संवाद किया। इस दौरान महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें वीमेन पावर लाइन 1090,पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181,एम्बुलेंस सेवा 108, स्वास्थ्य सेवा 102 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 प्रमुख रूप से शामिल हैं। साथ ही मोबाइल के पैनिक बटन और इमरजेंसी कॉल की भी जानकारी दी गई।पुलिस टीमों ने पंपलेट वितरित कर महिलाओं को जागरूक किया और उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।इस अभियान से महिलाओं में सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ी है और वे अपने अधिकारों के प्रति सजग हो रही हैं। पुलिस द्वारा आगे भी ऐसे कार्यक्रम लगातार चलाए जाएंगे।


