शंकर चौराहे पर चला ट्रैफिक पुलिस का नो पार्किंग अभियान ई-रिक्शाओं पर कार्रवाई
बुलन्द संदेश/लाएबा नूर
सम्भल।शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सोमवार को ट्रैफिक पुलिस ने शंकर चौराहा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई के दिशा निर्देशन तथा प्रभारी यातायात जगरोशन के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल त्रिवेंद्र कुमार और कांस्टेबल अंकित कुमार की टीम ने मौके पर पहुंचकर जाम की स्थिति का जायजा लिया।
शंकर चौराहा पर पिछले कुछ समय से ई-रिक्शाओं का अनियंत्रित जमावड़ा और अव्यवस्थित खड़े वाहन जाम का प्रमुख कारण बन रहे थे।इसी को देखते हुए ट्रैफिक टीम ने सख्ती दिखाते हुए नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े ई-रिक्शाओं के चालान किए और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।अभियान के दौरान सड़क किनारे अनावश्यक रूप से खड़े ई-रिक्शाओं को हटवाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिला। पुलिस ने चालकों को सख्त हिदायत दी कि वे निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करें और यातायात नियमों का पालन करें,अन्यथा आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई से चौराहे पर काफी हद तक जाम की समस्या में राहत मिली और आवागमन सुगम हुआ। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाने चाहिए,ताकि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे।


