सम्पूर्ण समाधान दिवस में गुटखा कहा रहे अधिकारी पर कार्यवाही के आदेश
बुलन्द संदेश/शाहवेज खान
सम्भल/बहजोई।तहसील सभागार चंदौसी में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अनुशासनहीनता का मामला सामने आया। कार्यक्रम के बीच चकबंदी अधिकारी राजेश को गुटखा खाते देख जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम के निर्देश पर सिगरेट और अन्य तम्बाकू उत्पाद (विज्ञापन निषेध तथा व्यापार एवं वाणिज्य,उत्पादन, प्रदाय और वितरण का विनियमन) अधिनियम 2003 के तहत संबंधित अधिकारी पर जुर्माना लगाया गया। जिला तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ. मनमोहन शर्मा ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए ₹200 का चालान किया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर तम्बाकू उत्पादों का सेवन पूर्णतः प्रतिबंधित है और इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शासन के नियमों का पालन सुनिश्चित करें और कार्यालयों में अनुशासन बनाए रखें।समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई भी की गई और कई मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए।इस कार्रवाई से अधिकारियों में हड़कंप मच गया और कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच यह संदेश गया कि प्रशासन नियमों के पालन को लेकर पूरी तरह सख्त है।


