बुलंद संदेश ब्यूरो
लखनऊ : वनडे सीरीज के रोमांचक मुकाबले के बाद अब भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 की जंग शुरू होने जा रही है। पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 6 अक्तूबर को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच की तैयारियों के सिलसिले में दोनों टीमें लखनऊ पहुंच चुकी हैं और इकाना स्टेडियम में अपनी रणनीति को अंतिम रूप दे रही हैं।
वेस्टइंडीज ने नेट्स पर खोले हाथ, हेटमायर-पॉवेल का तूफानी अभ्यास
तीसरे वनडे में भारत को हराकर सीरीज का समापन जीत के साथ करने वाली कैरेबियाई टीम के हौसले बुलंद हैं। रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों ने इकाना स्टेडियम में करीब दो घंटे तक जमकर पसीना बहाया।
अभ्यास सत्र के दौरान कप्तान शाई होप, शिमरन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, समर जोसेफ, अकील हुसैन और शेरफेन रदरफोर्ड जैसे प्रमुख खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण पर विशेष ध्यान दिया। बल्लेबाजों ने स्पिन और तेज गेंदबाजी के खिलाफ बड़े शॉट्स का रियाज़ किया, तो वहीं तेज गेंदबाजों ने पिच के मिजाज को भांपने के लिए अलग-अलग लेंथ पर गेंदें फेंकी। Coaching staff ने भी खिलाड़ियों के शॉट चयन और तकनीक पर बारीक नजर बनाए रखी।
वनडे का हिसाब टी20 में चुकता करने उतरेगा भारत
जहाँ कैरेबियाई टीम जीत के लय को बरकरार रखते हुए टी20 सीरीज की शुरुआत भी जीत के साथ करना चाहेगी, वहीं भारतीय टीम अपने घरेलू मैदान पर वनडे सीरीज की हार का हिसाब चुकता करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।मैच से एक दिन पहले, यानी सोमवार (5 अक्तूबर) को दोनों टीमें इकाना में फिर से अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी। इस दौरान स्थानीय खिलाड़ियों को भी नेट गेंदबाज के तौर पर शामिल किया जा सकता है।
क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह
लखनऊ में टी20 सीरीज का पहला ही मुकाबला होने की वजह से स्थानीय क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है। कैरेबियाई टीम के फॉर्म और भारत की मजबूत वापसी की कोशिशों को देखते हुए, 6 अक्तूबर को इकाना स्टेडियम में एक हाई-वोल्टेज और रोमांचक मुकाबले की पूरी उम्मीद जताई जा रही है।


