तीन क्षेत्राधिकारियों को दी गई भावभीनी विदाई।
बुलन्द संदेश/लायबा नूर
सम्भल। पुलिस लाइन बहजोई स्थित सभागार में गुरुवार को जनपद सम्भल के तीन क्षेत्राधिकारियों के गैर जनपद स्थानांतरण पर एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्राधिकारी असमोली डॉ.प्रदीप कुमार सिंह,क्षेत्राधिकारी गुन्नौर आलोक सिद्धू एवं क्षेत्राधिकारी चन्दौसी दीपक कुमार को भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार मौजूद रहे। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) कुलदीप सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्थानांतरित क्षेत्राधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और जनपद में उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि तीनों अधिकारियों ने अपने कार्यकाल के दौरान कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके कार्यों को हमेशा याद किया जाएगा। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नए दायित्वों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।समारोह में जनपद के अन्य क्षेत्राधिकारी,थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी भी मौजूद रहे।सभी ने अपने अनुभव साझा करते हुए अधिकारियों के सरल स्वभाव,कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता की सराहना की। कार्यक्रम का माहौल भावुक और सम्मानपूर्ण रहा।


