*यातायात व्यवस्था की चुनौतियों से निपटने का दिया मंत्र, 200 प्रशिक्षु आरक्षियों से एडीसीपी ट्रैफिक का संवाद*
गाजियाबाद (आशा चौधरी) 47वीं बटालियन पीएसी परिसर में यातायात पुलिस का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 200 प्रशिक्षु आरक्षियों के साथ मंगलवार को विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त यातायात वरूण कुमार सिंह ने प्रशिक्षुओं को यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली, नियमों और अनुशासन की बारीकियों से अवगत कराते हुए उन्हें प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन के गुर सिखाए।संवाद के दौरान एडीसीपी ट्रैफिक ने कमिश्नरेट गाजियाबाद की यातायात व्यवस्था से जुड़ी प्रमुख चुनौतियों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बढ़ते यातायात दबाव, सड़क सुरक्षा और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशिक्षु आरक्षियों को कानून का निष्पक्ष पालन कराने, आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने तथा ड्यूटी के दौरान अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं ने भी यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका एडीसीपी ने विस्तारपूर्वक समाधान किया। संवादात्मक प्रशिक्षण सत्र से प्रशिक्षु आरक्षियों को व्यवहारिक अनुभव और प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।


