चुनाव आयोग बीजेपी का ऑफिस बन गया है भाजपा का ऑफिस : शहर विधायक इकबाल महमूद
बुलन्द संदेश/लायबा नूर
संभल। मध्य प्रदेश की मिनाक्षी नटराजन का राज्यसभा के लिए नामांकन खारिज होने के बाद कांग्रेस के हल्ला बोल पर सपा विधायक और पूर्व मंत्री नवाब इकबाल महमूद ने नामांकन मे ही गलतियां बताई लेकिन भाजपा पर भी हमला करने से पीछे नहीं रहे चुनाव आयोग के कार्यालय को भाजपा का कार्यालय बता डाला। साथ ही भाजपा के मंत्री नन्द किशोर के देवबंद पर दिए ब्यान की भी भत्सना की।
बुधवार को शहर विधायक एवं पूर्व मंत्री नवाब इकबाल महमूद ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कहा कि देवबंद का संस्थान देश की आजादी से पहले का है और उसका गौरवशाली इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि वहां से पढ़कर लोग देश-दुनिया में ऊंचे पदों तक पहुंचे हैं और संस्थान का स्वतंत्रता आंदोलन में भी योगदान रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देवबंद को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है, जबकि वहां किसी भी तरह की राष्ट्रविरोधी गतिविधियों का कोई प्रमाण नहीं है। मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि नामांकन पत्र में आवश्यक जानकारी का उल्लेख न होने के कारण यह कार्रवाई हुई है। हालांकि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सपा विधायक ने कहा कि चुनाव आयोग अब भाजपा का एक ऑफिस बन गया है और वहां होने वाली अधिकांश गतिविधियां भाजपा की निगरानी में संचालित होती दिखाई देती हैं। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी दलों को आयोग से निष्पक्ष न्याय मिलने की उम्मीद कम है। इंडिया गठबंधन को लेकर उठ रहे सवालों पर नवाब इकबाल महमूद ने कहा कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और इसकी बैठकों की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व में गठबंधन आगे बढ़ रहा है और बिखराव की बातें वास्तविकता से दूर हैं। पश्चिम बंगाल में टीएमसी नेताओं के पार्टी छोड़ने के सवाल पर उन्होंने संक्षिप्त लेकिन तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, बुरे वक्त में बहुत कम लोग रुकते हैं। उनके इस बयान को बंगाल की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रहा है।


