जोगिंग कर रहे तीन युवकों को तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा,एक की हालत नाजुक।
बुलन्द संदेश/लायबा नूर
सम्भल। थाना हयातनगर क्षेत्र में सोमवार तड़के जोगिंग के लिए निकले तीन युवकों को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जिस कारण हादसे में तीनों युवक घायल हो गए,जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कमलपुर सराय निवासी डैनी (17),विवेक (17) और ललित (18) सोमवार सुबह करीब चार बजे जोगिंग करने निकले थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद एक युवक ने किसी तरह परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन तीनों घायलों को आनन-फानन में निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां उनका उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों के अनुसार विवेक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।बताया जा रहा है कि तीनों युवक आपस में चचेरे-तहेरे भाई हैं और रोजाना सुबह जोगिंग के लिए निकलते थे। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।वहीं,घटना के बाद से अज्ञात वाहन चालक फरार है। खबर लिखे जाने तक इस संबंध में थाना पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी।पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी


