मुठभेड़ में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
अभियुक्त के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर,एक खोखा और तीन जिंदा कारतूस बरामद।
बुलन्द संदेश/मौहम्मद अब्बास
सम्भल।थाना बबराला क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और एक वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक सिपाही और आरोपी दोनों घायल हो गए,जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बबराला पुलिस टीम सोमवार को चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बबराला से रजपुरा जाने वाले मार्ग पर ग्राम नगरिया काजी के पास पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी,जिसमें आरक्षी भोलू घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायर किया,जिससे आरोपी भी घायल हो गया।पुलिस ने मौके से आरोपी संदीप पुत्र हरस्वरूप,निवासी ग्राम पंवारी थाना बबराला को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर,एक खोखा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) व क्षेत्राधिकारी गुन्नौर सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई।पुलिस के अनुसार,आरोपी के खिलाफ 18 जून को थाना बबराला में छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।घटनास्थल से फील्ड यूनिट ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।


