संभल में शादी की खुशियों पर आग का कहर लाखों का सामान जलकर राख
●परिजनों ने दो बेटियों की शादी के लिए जुटाया था दहेज का सामान
बुलन्द संदेश/ लायबा नूर
सम्भल। थाना क्षेत्र नखासा के रुकनुद्दीन सराय इलाके में देर रात एक शादी वाले घर में लगी भीषण आग ने खुशियों को मातम में बदल दिया। आग की चपेट में आकर नकदी,जेवरात,कपड़े और दो बेटियों की शादी के लिए जुटाया गया दहेज का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार ने लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।
पीड़िता खुर्शीदा ने बताया कि परिवार के सभी लोग एक दावत में शामिल होने गए हुए थे। देर रात जब वे वापस लौटे तो घर से धुआं और आग की तेज लपटें उठती दिखाई दीं।जब तक कुछ समझ पाते, आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया परिवार के अनुसार चार महीने बाद उनकी दो बेटियों,फिजा और गौसिया की शादी होनी थी। इसके लिए वर्षों से धीरे-धीरे नकदी,जेवरात और घरेलू सामान इकट्ठा किया गया था, जो एक ही रात में खत्म हो गया। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए तीन-चार समरसेबल चलाकर आग बुझाने का प्रयास किया।सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।पूर्व प्रधान मौहम्मद आसिफ ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। राजस्व विभाग की टीम और लेखपाल ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आर्थिक रूप से बर्बाद हो चुके इस परिवार को शीघ्र मुआवजा दिया जाए,ताकि बेटियों की शादी की तैयारियां फिर से शुरू हो सकें।


